बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 48 पर एक साथ 3 गाड़ियां भीड़ गई। हाईवे के किनारे खड़े एक ट्रक से निजी ट्रेवल्स की बस भीड़ गई। इसमें बस के कंडक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बस के अंदर की तरफ बैठी सवारियों को मामूली चोटें आई। इसके पीछे ही एक कार भी आकर भीड़ गई, जिससे कार भी क्षतिग्रस्त हो गई ओर उसमें सवार लोग घायल हो गए। बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेंद्र देवल ने बताया कि उदयपुर की ओर से एक ट्रक अहमदाबाद की ओर जा रहा था। ट्रक में आलू की बोरिया भरी हुई थी। भुवाली के पास हाइवे पर ट्रक खराब हो गया तो वह किनारे खड़ा था। शाम के समय उदयपुर से गुजरात की ओर जा रही एक निजी ट्रेवल्स की बस खड़े ट्रक से टकरा गई। बस के कंडक्टर साइड का हिस्सा ट्रक के पीछे की तरफ टकराया, जिससे दरवाजे के पास ही बैठे कंडक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। जोरदार टक्कर में बस के अंदर बैठी सवारियों को भी जोर का झटका लगा। कई सवारियों को चोटें भी आई। इसके कुछ देर बाद ही उदयपुर की ओर से आ रही एक कार फिर बस के पीछे से टकरा गई। हादसे में कार का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार को भी चोटें आई। सूचना पर बिछीवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। बस में बैठी सवारी खुद को संभालते हुए दूसरी गाड़ियों से आगे के लिए रवाना हो गए। वही बस कंडक्टर के शव को अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया है।