डूंगरपुर में पंचायतीराज चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदाल ने जिला परिषद सभागार में मंगलवार को सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस ऑफिसर्स की बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को अपने क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखने, जिम्मेदारी से काम करने और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्हें चुनाव कार्य पूरा होने तक मुख्य आवास पर रहने और रिटर्निंग अधिकारी से बूथ लेवल अधिकारी तक संपर्क में रहने को कहा गया। फील्ड विजिट कर लोकेशन की जानकारी लेने और सड़क, नेटवर्क, रोशनी, वीडियोग्राफी, बैरिकेटिंग जैसी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। मतगणना के दौरान सभी अधिकारियों को मौजूद रहने, मतदान टीम का निरीक्षण, सहयोग और कमियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने के दिशा-निर्देश भी दिए गए।