डूंगरपुर में भगवान परशुरामजी मंदिर का पहला पाटोत्सव कल 12 अप्रैल को नया महादेव मंदिर परिसर में मनाया जाएगा। विप्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 5100 मंगल कलश के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष ललित उपाध्याय और सचिव प्रशांत चौबीसा ने बताया कि मंदिर के पहले पाटोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। नया महादेव मंदिर परिसर में कार्यक्रम के लिए विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डूंगरपुर शहर और आसपास के गांवों से आने वाले श्रद्धालु, महिलाएं और पुरुष गेपसागर की पाल पर स्थित श्रीनाथ मंदिर परिसर में एकत्रित होंगे। सुबह 8 बजे से चाय-नाश्ते की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद महिलाएं अपने सिर पर मंगल कलश धारण करेंगी, जिनमें पवित्र जल भरा होगा। भगवान परशुरामजी के जयकारों के साथ शोभायात्रा श्रीनाथ मंदिर परिसर से रवाना होगी। यह शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ शहर के तहसील चौराहा और कलेक्ट्री रोड होते हुए नया महादेव मंदिर पहुंचेगी। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालु भगवान परशुरामजी, महादेव और हनुमानजी के दर्शन करेंगे। पूजा-अर्चना के बाद भगवान परशुरामजी मंदिर पर जयकारों के साथ ध्वजा परिवर्तन किया जाएगा। इस दौरान संत स्वामी चिरंजीवी रामनारायण मुख्य अतिथि के रूप में भक्तों को आशीर्वाद देंगे। विप्र समाज की ओर से भगवान की महाआरती उतारी जाएगी, जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।