डूंगरपुर में जैन श्वेतांबर वीशा पोरवाड़ संघ के आठ दिवसीय पर्युषण पर्व का बुधवार को धार्मिक उत्साह के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर रिमझिम बारिश के बीच भगवान की पालकी और शोभायात्रा निकाली गई। भक्ति गीतों और तीर्थंकरों के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु ‘म्हारा मन में पार्श्वनाथ, म्हारा तन में पार्श्वनाथ, रोम-रोम में समाया...’ जैसे भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। पालकी में विराजे भगवान, घोड़ों पर सवार दिखे बच्चे शोभायात्रा में साध्वी निर्मलगुणाश्रीजी आदि ठाणा मौजूद रहे। धर्म ध्वजा लिए छोटे बच्चे घोड़ों पर सवार होकर चल रहे थे। एक ऊंटगाड़ी में माता त्रिशला के 14 सपनों की झांकी सजाई गई थी। पालकी में भगवान को विराजमान किया गया था। सफेद कपड़े पहने युवा पालकी को कंधों पर लेकर चल रहे थे, जबकि बग्गियों में तपस्वी बैठे थे। इन मार्गों से गुजरी शोभायात्रा शोभायात्रा फौज का बड़ला से शुरू होकर माणक चौक, सर्राफ बाजार, कानेरा पोल, मोची बाजार, धनलक्ष्मी मार्केट, पुराना अस्पताल, कंसारा चौक, सोनिया चौक और घुमटा बाजार से गुजरी। इसके बाद शोभायात्रा माणक चौक और फौज का बड़ला होते हुए घाटी मंदिर पहुंची। जगह-जगह भगवान का स्वागत शोभायात्रा के रास्ते में कई जगह धर्मप्रेमियों ने भगवान का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने अक्षत और श्रीफल चढ़ाकर भगवान को नमन किया। महिलाएं और पुरुष मंगल गीत गाते हुए चल रहे थे, वहीं युवा धार्मिक गीतों पर नाचते-गाते नजर आए। मंदिर पहुंचने पर भगवान का स्वागत किया गया। इसके बाद स्नात्र पूजा हुई और भगवान की प्रतिमा की सुंदर आंगी सजाई गई। 50 तपस्वियों की भी निकली शोभायात्रा वीशा हुम्मड़ संघ की ओर से प्रन्यास प्रवर भक्तिचंद्र विजयजी आदि ठाणा-2 की मौजूदगी में तपस्वियों की शोभायात्रा भी निकाली गई। यह शोभायात्रा जैन सोसायटी स्थित संभवनाथ जिनालय से शुरू हुई। इसमें करीब 50 तपस्वी शामिल हुए। शोभायात्रा न्यू कॉलोनी के अलग-अलग रास्तों से होते हुए मंदिर पहुंची, जहां तपस्वियों को नमन किया गया। इसके बाद पूरे संघ का स्वामीवात्सल्य कार्यक्रम हुआ। बनकोड़ा में भी निकला वरघोड़ा बनकोड़ा में श्री अजीतनाथ जैन संघ की ओर से पर्युषण पर्व की समाप्ति पर वरघोड़ा निकाला गया। गांव के विभिन्न मार्गों से निकले वरघोड़े का धर्मप्रेमियों ने अक्षत उछालकर और नारियल चढ़ाकर स्वागत किया। वरघोड़ा मंदिर पहुंचने पर लूण उतारकर भगवान की आगवानी की गई। रात में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद शोभायात्रा में वीशा पोरवाड़ संघ अध्यक्ष हर्ष जैन, महासंघ अध्यक्ष संजय मेहता, सचिव मोहित मेहता, आंदजी कल्याणजी पेढ़ी के सदस्य सिद्धार्थ मेहता, राजेंद्र मेहता, प्राणजीवन शाह, राजमल शाह, अनिल मेहता, सुभाष मेहता, कनक मेहता, नरेश मेहता, नवयुवक मंडल अध्यक्ष नितेश मेहता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।