डूंगरपुर शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बदहाल हो गई है। पर्याप्त जल स्रोत होने के बावजूद, जगह-जगह पाइपलाइनों में लीकेज और रखरखाव की कमी के कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिम्मेदार विभाग शिकायतों के बावजूद इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। शहर के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के सेक्टर-1 में एक निजी विद्यालय के पास पिछले लगभग 8 महीनों से पाइपलाइन टूटी हुई है। पानी की आपूर्ति के दौरान यहां सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह जाता है, जिससे आसपास के कई घरों में पानी नहीं पहुंच पाता। इसी तरह, शहर के अन्य इलाकों में भी लीकेज के कारण पानी सड़कों पर बहता रहता है, जिससे सड़कों को भी नुकसान हो रहा है। बताया जा रहा है कि सीवरेज कार्य में लगी एजेंसी द्वारा बिना उचित समन्वय के सड़कों की खुदाई करने से पाइपलाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। नागरिकों ने मुख्यमंत्री जनसंपर्क पोर्टल और विधिक प्राधिकरण में शिकायतें भी दर्ज करवाई हैं, लेकिन केवल औपचारिक निरीक्षण के अलावा कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। गर्मी का दौर शुरू होने के साथ ही यह समस्या और गंभीर हो गई है। अनियमित जल आपूर्ति के कारण लोगों को पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। शहरवासियों ने जिला प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाकर पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।