सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से डूंगरपुर पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत पुलिस ने 250 वाहनों के चालान जारी किए हैं। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य फोकस 'ड्रिंक एंड ड्राइव' यानी शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करना था। पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। अभियान के दौरान कुल 250 चालान किए गए। इनमें डूंगरपुर वृत्त में 63, सागवाड़ा में 62, सीमलवाड़ा में 69 और आसपुर क्षेत्र में 56 चालान शामिल हैं। पुलिस ने लोगों से शराब पीकर गाड़ी न चलाने और सुरक्षित रहने की अपील की है, साथ ही यह भी बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। एसपी ने सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े तीन महीनों में 174 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें कुल 86 लोगों की जान चली गई।