डूंगरपुर जिले में शनिवार रात को रुक-रुककर हल्की बारिश हुई। आसपुर में सर्वाधिक 23 एमएम वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार के लिए जिले में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते आज भी बारिश की संभावना बनी हुई है। जिले में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बरसात का दौर जारी है। शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। रात करीब 8:30 बजे के बाद हल्की और रिमझिम फुहारें शुरू हुईं। इस बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को दिनभर की उमस से राहत मिली। खेतों में जुटे किसान रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने डूंगरपुर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 59 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई है। किसान और स्थानीय लोग बेसब्री से और बारिश का इंतजार कर रहे हैं। पहली बारिश के बाद किसान खेतों में सक्रिय हो गए हैं। वे खेतों की साफ-सफाई, मेड़बंदी और बाड़ लगाने जैसे काम कर रहे हैं। कई किसान बारिश के बाद मक्का की बुवाई में भी जुट गए हैं। रविवार सुबह 8 बजे तक दर्ज की गई बारिश के आंकड़ों के अनुसार, आसपुर में सबसे अधिक 23 एमएम वर्षा हुई। इसके अतिरिक्त, गणेशपुर में 18 एमएम, सोम कमला आम्बा बांध क्षेत्र में 17 एमएम, धंबोला में 10 एमएम और साबला में 6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है।