डूंगरपुर जिले में रामा गांव में सोमवार देर शाम लेपर्ड के हमले से 2 महिलाएं घायल हो गईं। दोनों घटनाएं करीब 1 घंटे के दरम्यान 200 फीट दूर हुईं। पहली महिला भैंसों को लेने जा रही थी, तभी लेपर्ड ने उस पर हमला कर दिया। उसके गले और हाथ पर गहरे घाव आए हैं। गंभीर हालत में उसे डूंगरपुर रेफर किया गया। वहीं, दूसरी महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार 2 हमलों के बाद गांव में डर का माहौल है। भैंसों को लेने जा रही थी महिला दरअसल पहली घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे बाद हुई। 28 वर्षीय रिंकू पत्नी शंकर गायरी भैंसों को लेने जा रही थीं। इसी दौरान लेपर्ड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में रिंकू के गले और हाथ पर गहरे घाव हो गए। परिजन उन्हें तुरंत आसपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर डूंगरपुर रेफर कर दिया गया। 1 घंटे बाद लेपर्ड ने दूसरी महिला पर किया अटैक करीब 1 घंटे बाद लेपर्ड ने 48 वर्षीय जसुकुंवर पत्नी करण सिंह राठौर पर हमला कर दिया। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल महिला के ससुर कचरु गायरी ने बताया कि लेपर्ड ने उनकी बहू पर अचानक से हमला कर दिया। हमले के बाद लेपर्ड जंगल की तरफ भाग गया। नहर के पास तालाब किनारे दिखा था लेपर्ड घटना की सूचना पर पटवारी अमरसिंह चौहान, एएसआई बलभद्र सिंह, गजेंद्र सिंह और रेंजर सोनम मीणा मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, लेपर्ड नहर के पास तालाब किनारे बैठा हुआ था। आसपास झोपड़ियों में रहने वाले लोगों में दोनों हमलों के बाद डर का माहौल है। पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर निगरानी कर रही है। लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है।