डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना पुलिस ने माविता गांव के पास एक महिंद्रा थार से शराब के 26 कार्टन जब्त किए। पुलिस ने कार सवार 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस माविता गांव के पास नाकेबंदी कर रही थी। इस दौरान सागवाड़ा से आसपुर की ओर जा रही थार को रोककर तलाशी ली गई। कार में अंग्रेजी शराब और बीयर थी। शराब ले जाने के दस्तावेज मांगने पर कार सवार लोगों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने थार जब्त कर दोनों को थाने ले गई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर डूंगरपुर जिले के भिंडा निवासी लविश रोत और डूंगरपुर शहर निवासी विशाल परमार को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पंचायतीराज चुनाव के चलते आसपुर विधानसभा क्षेत्र में अंग्रेजी शराब के ठेके बंद हैं। इसलिए शराब बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस जांच कर रही है कि शराब कहां से खरीदी गई और किसे बेची जानी थी।