डूंगरपुर के सबसे बड़े एसबीपी कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो गई है। अंतिम सूची जारी होने के साथ कला, वाणिज्य, जीव विज्ञान और गणित संकायों में कुल 2571 छात्रों को प्रवेश मिला है। हालांकि, कला और जीव विज्ञान में उच्च मेरिट के कारण कई छात्र अब भी प्रवेश से वंचित हैं। इन्हें मौका देने के लिए कॉलेज प्रशासन ने आर्ट्स में 4 और बायोलॉजी में 2 नए सेक्शन की मांग की है। मंजूरी मिलने पर 576 अतिरिक्त छात्रों को प्रवेश मिल सकेगा। संकायवार प्रवेश का आंकड़ा कॉलेज की अंतिम सूची के अनुसार कला संकाय में 2100 छात्रों को प्रवेश दिया गया है, जिसके लिए 100-100 छात्रों के 21 सेक्शन बनाए गए हैं। जीव विज्ञान में 264 और गणित संकाय में 176 छात्रों को प्रवेश मिला है। कॉलेज में प्रथम वर्ष की कक्षाएं भी शुरू हो चुकी हैं और प्रवेश प्राप्त छात्र नियमित रूप से शामिल हो रहे हैं। 576 छात्रों को मिल सकता है मौका उच्च मेरिट के कारण कला और जीव विज्ञान के कई छात्र प्रवेश सूची से बाहर रह गए हैं। इन्हें अवसर देने के लिए कॉलेज प्रशासन ने आर्ट्स में 4 अतिरिक्त सेक्शन और बायोलॉजी में 2 नए सेक्शन खोलने का प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर आर्ट्स में 400 और बायोलॉजी में 176, यानी कुल 576 छात्रों को प्रवेश मिल सकेगा। कॉमर्स में घटा छात्रों का रुझान जहां कला और विज्ञान संकाय में सीटों के लिए प्रतिस्पर्धा रही, वहीं वाणिज्य संकाय में छात्रों की रुचि कम दिखाई दी। 200 सीटों के मुकाबले केवल 48 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदक पात्र पाए गए, लेकिन सिर्फ 31 छात्रों ने फीस जमा कर प्रवेश लिया। इससे वाणिज्य संकाय की अधिकांश सीटें खाली रह गईं। प्रवेश प्रक्रिया पूरी, कक्षाएं शुरू कॉलेज प्रशासन के अनुसार प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया 1 मई से शुरू हुई थी। छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किए और 25 जून से फीस जमा करने की प्रक्रिया शुरू हुई। अंतिम सूची जारी होने के साथ प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कॉलेज में नए सत्र की पढ़ाई शुरू हो गई है।