डूंगरपुर जिले में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिला कलेक्टर देशलदान ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। जिला कलेक्टर के आदेशानुसार अब कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक संचालित होंगी। यह व्यवस्था 16 मई तक प्रभावी रहेगी। जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर यह आदेश लागू होगा। इसी समय सारिणी को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और मां-बाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए भी लागू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य छोटे बच्चों को भीषण गर्मी और लू के प्रभाव से बचाना है। प्रशासन ने स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है। यह आदेश केवल आंगनवाड़ी, मां-बाड़ी केंद्रों के बच्चों और स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों पर लागू होगा। स्कूलों के समस्त कर्मचारियों, परीक्षाओं और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है और उनका समय पूर्ववत रहेगा। प्रशासन ने सभी स्कूलों संचालकों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि किसी सरकारी या निजी स्कूल द्वारा आदेश की अवहेलना की जाती है, तो संबंधित संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।