बांसवाड़ा ​शहर में सूने मकानों से चोरी करने वाली एक गैंग को पुलिस ने पकड़ा है। 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बाइक भी जब्त की है। पकड़े गए बदमाशों ने शहर में चोरी की 7 अन्य वारदातों की कोशिश करना भी स्वीकार किया है। कार्रवाई राजतालाब थाना पुलिस ने एसपी के निर्देश पर की। राजतालाब थानाधिकारी सुहासी जैन के नेतृत्व में टीम ने सूचना संकलित कर डूंगरपुर जिले के दो संदिग्धों को डिटेन किया। पूछताछ में आरोपियों ने सुभाष नगर में रमेशचंद्र पाटीदार के घर चोरी करना स्वीकार किया। ​आरोपियों में ​शक्तिसिंह(26) पुत्र जीतसिंह चिकलगीर निवासी सागवाड़ा, और ​तेजपाल सिंह(25) पुत्र सरदार सिंह निवासी सरदार नगर, जिला डूंगरपुर है। थानाधिकारी सुहासी जैन ने बताया कि ​पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने राजतालाब थाना क्षेत्र के ही 7 अन्य सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया था। पुलिस अब इनसे चोरी किए माल की बरामदगी की पूछताछ कर रही है। पुलिस टीम में थानाधिकारी सुहासी जैन के साथ एएसआई रतनलाल, विशालसिंह, हेड कॉन्स्टेबल गजेंद्रसिंह, मुकेश, प्रकाश और कॉन्स्टेबल पवन और दिलीप कुमार शामिल रहे।