डूंगरपुर जिले में किसानों के लिए क्रय-विक्रय सहकारी समिति (KVSS) में वर्ष 2026-27 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीद केंद्र शुरू कर दिया गया है। सरकार द्वारा गेहूं की खरीद 2735 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। केंद्र पर खरीद व्यवस्था के लिए फिलहाल 3 हजार कट्टों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इस खरीद केंद्र का शुभारंभ सहकारिता विभाग जयपुर के अतिरिक्त रजिस्ट्रार और डूंगरपुर जिले के प्रभारी अधिकारी राधेश्याम चौहान ने किया। शुभारंभ के बाद उन्होंने केंद्र पर तौल मशीनों, बारदाने की उपलब्धता, किसानों के बैठने की व्यवस्था और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखने के निर्देश निरीक्षण के दौरान चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और किसानों को किसी भी तकनीकी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने जोर दिया कि किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और खरीद कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। किसानों से संवाद भी किया इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी ने किसानों से संवाद भी किया। किसानों ने अपनी उपज सरकारी केंद्रों पर बेचने के लिए वर्तमान खरीद सीमा बढ़ाने की मांग रखी। उन्होंने खरीद प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के लिए कुछ तकनीकी सुझाव भी दिए। किसानों की मांगों पर अतिरिक्त रजिस्ट्रार चौहान ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खरीद सीमा बढ़ाने के विषय में उच्च स्तर पर चर्चा कर उचित निर्णय लिया जाएगा। किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा इस दौरान उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां राजकुमार खंडिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजेंद्र कुमार, समिति अध्यक्ष रतनलाल पाटीदार और केंद्र प्रभारी राजेंद्र कटारा सहित कई अधिकारी तथा किसान मौजूद थे। गेहूं की खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन में किसान को अपने गेहूं की मात्रा भी दर्ज करनी होगी। आवेदन के बाद किसान के मोबाइल पर एक संदेश भेजा जाएगा, जिसमें गेहूं लाने की निर्धारित तारीख बताई जाएगी। किसान को उसी तारीख पर गेहूं लेकर केंद्र पर पहुंचना होगा।