डूंगरपुर के धंबोला थाना क्षेत्र में एक महिला पर धारदार हथियार, लाठियों और पत्थरों से हमला किया गया। उसे बचाने पहुंचे दो भतीजे भी मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में तीन सगे भाइयों सहित पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धंबोला थाना पुलिस के अनुसार, ओड़ा फला, शीथल निवासी रमिला पत्नी मगन कटारा ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई है। रमिला ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वह पशुओं को चारा डालने और गोबर साफ करने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में पहले से घात लगाकर छिपे महेंद्र पुत्र गटू डामोर, गिरीश पुत्र गटू डामोर, प्रकाश पुत्र गटू डामोर, कौशिक पुत्र जीवराम डामोर और मनोहर पुत्र गौतम डामोर ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों के हाथों में तलवार सहित धारदार हथियार, लाठियां और पत्थर थे। सभी ने मिलकर रमिला के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर उसका एक भतीजा मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी तलवार से हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ में गंभीर चोट आई। इसके बाद दूसरे भतीजे विनोद के साथ भी लाठियों और पत्थरों से मारपीट की गई। घटना की सूचना 112 आपातकालीन सेवा पर दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई छत्तर सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को इलाज के लिए सीमलवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। धंबोला थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।