डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय विवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रविवार को सती रामपुर फला दरा गांव में हुई। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। सदर थाने के एएसआई अरविंद ने बताया कि खरवर खुनियां निवासी विशाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। विशाल ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन हीना की शादी वर्ष 2023 में सतीरामपुर निवासी गोविंद से हुई थी। रविवार को हीना ने घर के पिछले हिस्से में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सास लौटी तो अंदर से गेट बंद मिला घटना के समय हीना की सास दूध देकर घर लौटीं तो उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद पाया। अंदर से बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी। पड़ोसियों की मदद से जब दरवाजा धक्का देकर खोला गया, तो हीना फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे तुरंत फंदे से उतारकर 108 एम्बुलेंस से डूंगरपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका का शव डूंगरपुर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर लिया है। शादी को 7 साल से कम समय हुआ है, इसलिए मामले की जांच डूंगरपुर एसडीएम द्वारा की जाएगी।