डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के माथुगामड़ा गांव में बस स्टैंड के पास एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने मृतक की पहचान टपलारा निवासी राहुल के रूप में की है। शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सदर थाने के एएसआई प्रवीण सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि माथुगामड़ा बस स्टैंड के पास एक युवक ने नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही एएसआई प्रवीण सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा। शिनाख्त के प्रयासों के बाद मृतक की पहचान टपलारा निवासी राहुल पुत्र थावरा मीणा के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। एएसआई प्रवीण सिंह ने बताया कि मृतक के पिता बाहर रहते हैं, जिन्हें सूचना दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। फिलहाल, शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।