डूंगरपुर के धम्बोला थाना क्षेत्र में घुवेड़ बस स्टैंड के पास युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। 18 अक्टूबर को रोहित का शव कोपा मोड़ के पास सड़क किनारे पेड़ के नीचे मिला था। उसके शरीर पर चाकू के घाव थे। पुलिस ने जांच के बाद भादर निवासी गोविंद कटारा (24) को गिरफ्तार किया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। धम्बोला थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानिया ने बताया कि कालीका पारड़ा, भादर निवासी लक्ष्मण डेण्डोर (55) ने 19 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक उनका बेटा रोहित गुजरात में मजदूरी करता था और करीब दो महीने पहले घर लौटा था। 18 अक्टूबर की सुबह रोहित का दोस्त कान्तिलाल उसे बाइक पर बैठाकर घर से ले गया था। दोपहर में लक्ष्मण के दामाद राकेश ने फोन कर रोहित की हत्या की सूचना दी। लक्ष्मण अपनी पत्नी के साथ घुवेड़ बस स्टैंड से आगे कोपा मोड़ पहुंचे। वहां उन्हें सड़क किनारे पेड़ के नीचे रोहित का शव मिला। उसकी शर्ट पर खून लगा था। पेट के बाईं ओर और पैर पर गहरे घाव थे। लक्ष्मण ने गोविंद कटारा पर चाकू से वार कर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और गोविंद को गिरफ्तार किया। पुलिस हत्या के कारणों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।