डूंगरपुर के धम्बोला थाना क्षेत्र के रखोडिया गांव में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में चार युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। धम्बोला थानाधिकारी देवेंद्र देवल ने बताया कि रखोडिया रास्तापाल निवासी इंदिरा रोत (36) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंदिरा ने बताया कि सोमवार को वह गडा बाटेश्वर गांव में मेहमान गई हुई थी, जबकि उनके पति कान्ति रोत (40) घर पर ही थे। शाम करीब 8 बजे जब वह वापस लौटीं, तो उनके भतीजे तकु उर्फ तेजपाल ने उन्हें घटना की जानकारी दी। तेजपाल ने बताया कि रखोडिया प्राथमिक स्कूल के पास गांव के ही कुछ लोगों ने कान्ति रोत के साथ मारपीट की। इंदिरा ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि कान्ति पुत्र शिवा भगोरा (निवासी मानातलाई) और उसके साथी अशोक पुत्र रमेश रोत, सुरेश पुत्र मोहन रोत तथा भरत पुत्र मोहन रोत ने मिलकर उनके पति को लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। इस मारपीट के कारण कान्ति रोत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।