डूंगरपुर के चौरासी थाना क्षेत्र के विरावाड़ा गांव में एक युवक का शव उसके घर के पास स्थित कुएं में मिला है। युवक पिछले 3 दिनों से लापता था। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। चौरासी थाने के एएसआई ईश्वरलाल ने बताया कि वीरावाड़ा निवासी सुभाष बरंडा ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उसका बड़ा भाई मुकेश बरंडा पिछले कुछ समय से अपने ससुराल भीलवा पंचला और पैतृक गांव वीरावाड़ा के बीच आता-जाता रहता था। मुकेश 24 अप्रैल को अचानक घर से लापता हो गया था, जिसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। चौथे दिन घर के पास कुएं में मिला शव लापता होने के चौथे दिन मुकेश का शव उसके घर के पास एक कुएं में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला। शव को डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मृतक के भाई सुभाष ने पुलिस को दी गई अपनी अर्जी में संदेह व्यक्त किया है। उसने आशंका जताई है कि मुकेश के साथ पहले मारपीट की गई होगी, जिससे उसकी मौत हुई, या उसे आत्महत्या के लिए उकसाया गया होगा। सुभाष ने पुलिस से इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच करने की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की।