डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के माल चौकी झोथरी में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे 2 युवकों पर हमला हो गया। घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन पर धारदार हथियारों से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माल चौकी झोथरी निवासी पुष्पेंद्र डामोर और उनके पड़ोसी कल्पेश बुझ गांव में एक शादी समारोह में पैदल जा रहे थे। विवाह स्थल के करीब पहुंचने पर पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवकों को घेरकर लात-घूंसों, लट्ठों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में दोनों युवकों के सिर पर गहरे घाव हुए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल युवकों को तुरंत निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।