शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ रसद विभाग ने बुधवार तड़के सख्त कार्रवाई करते हुए तीन स्थानों पर छापेमारी की। जिला कलेक्टर निशांत जैन के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में सर्वोदय बस्ती और करमीसर रोड क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ हुआ। टीम ने सर्वोदय बस्ती स्थित मारुति वर्कर्स में एक सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन और इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया। इसी तरह खिलजी टावर के सामने और करमीसर रोड स्थित एस स्कूल के पास भी अवैध भंडारण व रिफिलिंग करते हुए एक-एक सिलेंडर, मोटर और कांटा जब्त किया गया। जिला रसद अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।