राजसमंद| पंचायतीराज चुनावों को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच राजस्थान गो सेवा समिति के जिलाध्यक्ष जेठूसिंह राजपुरोहित ने जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और वार्ड पंच का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों से प्रत्येक गांव में गोशाला खोलने का संकल्प लेने की अपील की है। ग्रामीण क्षेत्रों में 50 से 100 तक गायें चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर एकत्रित हो जाती हैं। रात के समय सड़क दुर्घटनाओं में गोवंश घायल हो जाता है। वहीं, भोजन की तलाश में गायों के खेतों में पहुंचने से किसानों की फसलों को नुकसान होता है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है। प्रत्येक गांव में गोशाला स्थापित होने से गोवंश को आश्रय, चारा-पानी और सुरक्षा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी अपने चुनावी संकल्प में गोशाला निर्माण और गोवंश संरक्षण को प्राथमिकता दें। इसके लिए मतदाताओं को भी प्रत्याशियों से मांग करनी चाहिए। राजसमंद जिला गो सेवा समिति के जिला मीडिया प्रभारी बाबूलाल बाबेल सरदारगढ़ ने बताया कि जिले में कई गोभक्त दुर्घटनाग्रस्त और निराश्रित गोवंश की सेवा कर रहे हैं, लेकिन भूमि और संसाधनों की कमी के कारण उन्हें परेशानी होती है। गांवों के भामाशाह, प्रबुद्धजन और जनप्रतिनिधि भूमि उपलब्ध करवाने तथा गोशाला निर्माण में सहयोग करें तो गोसेवा के कार्य को गति मिल सकती है।