सादुलपुर | शहर के लोगों ने बस स्टैंड राजगढ़ पर बिजली व पेयजल समस्या के समाधान को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में लिखा है कि बस स्टैंड पर पिछले काफी समय से बिजली व पानी की समस्या बनी हुई है। डिस्कॉम ने बिजली का कनेक्शन बिल जमा नहीं होने के कारण काट दिया है। इस संबंध में जब नगर पालिका से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इस विषय को राजस्थान परिवहन विभाग से संबंधित बताया। राजस्थान परिवहन विभाग से संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि बस स्टैंड की भूमि को लेकर पालिका और परिवहन विभाग के बीच कोर्ट में मामला विचाराधीन है। दोनों विभागों के बीच समन्वय के अभाव में आम जनता को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन पर वासुदेव लोहारीवाला, हेमंत सरावगी, बालकिशन किशनपुरिया, रोकी किशनपुरिया, हेमंत शर्मा, पवन सेठिया आदि के हस्ताक्षर हैं।