भीलवाड़ा| कपड़ा व्यापारी की फर्मों में करोड़ों रुपए के गबन मामले में मुख्य आरोपी भंवर सिंह कानावत को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया। मान्यवर सिल्क मिल्स और फैशन क्यू टेक्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रोपराइटर-डायरेक्टर पुर के मुकेश जागेटिया ने प्रतापनगर थाने में 3 जनवरी 2024 को दोनों फर्मों के कर्मचारी भंवरसिंह कानावत, निर्मलकुमार विश्नोई, शुभम मंत्री, हरिसिंह राठौड़, अनिलकुमार जाट, अश्विनकुमार विश्नोई और राजेश उर्फ राठौड़ टेलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसमें आरोप था कि इन कर्मचारियों ने मिलकर वर्ष 2016 से 2023 के बीच करीब 5 करोड़ रुपए हड़पे। मामला दर्ज होने के बाद प्रतापनगर और कोतवाली में थाना प्रभारी रहे 6 इंस्पेक्टर ने प्रकरण की जांच की थी। वहीं दो अनुसंधान अधिकारियों की जांच में सवा 2 करोड़ और 4 करोड़ रुपए से ज्यादा का गबन पाया गया, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई थी।