भास्कर न्यूज | टोंक सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर जीवन रक्षक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन टोंक में बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में यातायात प्रभारी गोविंद सिंह, पुलिस निरीक्षक बृजमोहन, पुलिस लाइन स्टाफ, सआदत अस्पताल की चिकित्सक टीम तथा एसडीआरएफ के प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। शिविर में सड़क दुर्घटना या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचने से पहले दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने घायल की स्थिति का प्रारंभिक आकलन, सुरक्षित तरीके से सहायता प्रदान करना, आपातकालीन सेवाओं को सूचना देना, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन), श्वास मार्ग खुला रखना, रक्तस्राव नियंत्रित करना तथा अन्य आवश्यक प्राथमिक उपचार का व्यवहारिक प्रदर्शन भी कराया। प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों के अलावा स्कूली छात्र-छात्राओं, स्काउट विद्यार्थियों, पुलिस मित्रों, पीड़ित सहायता समिति के सदस्यों सहित करीब 250 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का शुरुआती गोल्डन ऑवर किसी भी घायल की जान बचाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। ऐसे प्रशिक्षण पुलिसकर्मियों और आमजन को आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी सहायता देने के लिए सक्षम बनाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर कम की जा सकती है। पुलिस ने भविष्य में भी जनहित व सड़क सुरक्षा से जुड़े ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।