राजस्थान की पांचों विद्युत कंपनियों के मंत्रालयिक संवर्ग के कर्मचारियों ने बुधवार को विद्युत भवन में शक्ति प्रदर्शन किया। राजस्थान विद्युत मंत्रालयिक एवं अधीनस्थ कर्मचारी संघ और राजस्थान विद्युत मंत्रालय संगठन के बैनर तले प्रदेशभर से आए कर्मचारियों ने सवाई माधोपुर संगठन के साथ जयपुर डिस्कॉम की अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरती डोगरा से मुलाकात की। इस दौरान संस्थापन अधिकारी सहित मंत्रालयिक संवर्ग के पदों के पुनर्गठन की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारियों ने मांग की कि राज्य सरकार के वित्त विभाग के आदेश (दिनांक 24.10.2025) की पांचों विद्युत कंपनियों में अक्षरशः पालना की जाए। संगठनों का कहना है कि संस्थापन अधिकारी के पद सृजित न होने से कर्मचारियों को वाजिब हक नहीं मिल रहा है। एमडी आरती डोगरा ने ज्ञापन पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को राज्य सरकार के आदेश की पालना करने के निर्देश दिए हैं, जिससे कर्मचारियों में सकारात्मक उम्मीद जगी है। प्रदर्शन के दौरान सवाई माधोपुर संगठन से रमेश चौधरी, रामकेश रेगर, योगिता मीना, पवन कुमार शर्मा, रामनरेश जाटवा, किशोर सिंह, राजेंद्र कुमार कुम्हार, देशबंधु देवतवाल, कमलेश महावर, गजानंद प्रजापत, भवानी सिंह, राजकुमार शर्मा, लोकेश कुमार मीणा और नंदकिशोर योगी सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।