दैनिक भास्कर की ओर से हांगकांग में एशिया अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया गया। इसमें एशिया के 50 प्रतिभावान युवाओं को अवॉर्ड देकर सम्मानित किया। इनमें पाली के युवा इंजीनियर और बिजनेसमैन प्रवेश जैन भी शामिल रहे। रोबोटिक्स, हेल्थकेयर और डिजिटल इनोवेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर उन्हें ‘एशिया अवॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस 2026’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह अवॉर्ड बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने दिया। बिजनेसमैन प्रवेश जैन ने ऐसे कई तकनीकी नवाचार विकसित किए, जिनका उद्देश्य आमजन तक आधुनिक तकनीक और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उनके प्रयासों से पाली जिले को तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान भी मिली है। प्रवेश जैन ने कहा- उनका लक्ष्य पाली सहित पूरे राजस्थान में तकनीक आधारित ऐसे मॉडल विकसित करना है, जिनसे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर सृजित हों। साथ ही युवाओं को नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।