देश के ऊर्जा क्षेत्र में 4 जुलाई को नया इतिहास रचा जाएगा। 79459 करोड़ रुपए की लागत से तैयार देश की पहली हाइटेक ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर्यावरण संरक्षण व ईंधन बचाओ की थीम से करेंगे। आयोजन को पूरी तरह ग्रीन कॉन्सेप्ट पर आधारित बनाया गया है। इसके तहत पहली बार वीवीआईपी व आमंत्रित अतिथियों की आवाजाही के लिए पचपदरा स​र्किल से रिफाइनरी तक करीब 1000 साइकिल व इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग किया जाएगा, ताकि स्वच्छ ऊर्जा, हरित परिवहन व कार्बन उत्सर्जन में कमी का संदेश पूरे देश तक पहुंचे। इस ऐतिहासिक आयोजन की एक और विशेषता यह होगी कि पहली बार किसी उद्घाटन समारोह का ग्राम पंचायत स्तर से लेकर नगर निगम स्तर तक लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रदेशभर के करीब 57 लाख लोगों को वर्चुअल रूप से कार्यक्रम से जोड़ने की तैयारी की गई है। उद्घाटन समारोह में करीब 5000 लोग शामिल होंगे। रिफाइनरी के ब्रेन आरएमसीआर का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री जिस रिफाइनरी मैन कंट्रोल रूम का उद्घाटन करेंगे, वह पूरी रिफाइनरी का सबसे महत्वपूर्ण नियंत्रण केंद्र है। यह पूरी रिफाइनरी का मस्तिष्क होता है, यहीं से कच्चे तेल को पेट्रोल, डीजल व जेट ईंधन में बदलने वाली सभी प्रमुख इकाइयां (सीडीयू, वीडीयू, डीसीयू) की संचालन गतिविधियों को कंप्यूटर व स्क्रीन के माध्यम से नियंत्रित व मॉनिटर किया जाता है। इसमें लगी अत्याधुनिक डिजिटल स्क्रीन व कंप्यूटराइज्ड सिस्टम से तापमान, दबाव, उत्पादन व सुरक्षा संबंधी सभी गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रहेगी। इससे कि किसी भी आपात स्थिति में यहीं से पूरे संयंत्र की संचालन व्यवस्था नियंत्रित की जाएगी। लोकार्पण कार्यक्रम में सुबह 9 बजे से प्रवेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस सत्येंद्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आमंत्रित लोगों के वाहनों की पार्किंग गेट नंबर-7 पर होगी। यहां करीब 3,000 वाहनों की क्षमता बताई गई है। आमंत्रित अतिथियों का प्रवेश गेट नंबर-7 से होगा। विशेष आमंत्रित व्यक्तियों, अधिकृत मीडियाकर्मियों का प्रवेश गेट नंबर-3 से तय किया गया है। कार्यक्रम स्थल के भीतर निजी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। सभी प्रवेश द्वारों पर फ्रिस्किंग होगी। पास की जांच अनिवार्य रहेगी। साइकिल, ई-रिक्शा, ईवी की पार्किंग गेट नंबर-5 पर रखी गई है। कार्यक्रम स्थल, आसपास के क्षेत्र को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कार्रवाई होगी। प्रतिबंधित वस्तुओं पर रोक रहेगी। प्रवेश सुबह 9 बजे से शुरू होगा।