इटावा में 70वीं जिला स्तरीय शिक्षा विभागीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई है। इसका उद्घाटन रविवार को स्कूल ऑफ जॉय एंड हैप्पीनेस के खेल मैदान पर हुआ। इस प्रतियोगिता में कोटा जिले के 46 स्कूलों के 730 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय झाड़ोल की देखरेख में 20 से 23 सितंबर तक चलेगी। उद्घाटन के दिन 8 मैच खेले गए। मुख्य अतिथि स्कूल ऑफ जॉय एंड हैप्पीनेस के निदेशक रजनीश नागर ने खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खेल छात्रों के पूरे विकास के लिए जरूरी हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और लीडरशिप क्वालिटी बढ़ती है। नागर ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने और अपना बेस्ट प्रदर्शन करने को कहा। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और प्रतियोगिता के सफल आयोजन में हर मदद का भरोसा दिया। आयोजन सचिव उमाशंकर मीणा ने बताया कि खिलाड़ियों ने बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग में अच्छा प्रदर्शन किया। इस मौके पर ललित कुमार, मोहम्मद आरिफ, समुद्र सिंह, प्रशांत शर्मा, इरफान अली, दिनेश पारेता समेत कई खिलाड़ी और खास लोग मौजूद थे।