शहर के घरेलू गैस उपभोक्ताओं को महंगे एलपीजी सिलेंडरों से पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) की राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। उलटा कॉलोनियों में पाइप लाइन बिछाने के नाम पर आए दिन सड़कों पर गड्ढे लोगों की गले की फांस बन गए हैं। दिवाली आने को है, लेकिन कंपनी की ओर से खोदी गई सड़कों की मरम्मत का काम अभी तक शुरू नहीं किया है। 11 महीने पहले कंपनी ने नगर परिषद में सड़कों की कटिंग के लिए आवेदन किया था। बता दें, सरकार ने करीब 800 करोड़ रुपए का पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) का प्रोजेक्ट 2023-24 में शुरू किया था। टेंडर गुजरात गैस एजेंसी को दिया। एजेंसी ने खांदू कॉलोनी और बाहुबली कॉलोनी से पहले फेज का काम शुरू किया था। कंपनी को अक्टूबर 2024 में इन दोनों कॉलोनियों के करीब 5 हजार घरों में गैस की सप्लाई शुरू करनी थी, लेकिन लोगों को आज भी घरों पर कनेक्शन का इंतजार है। पिछले साल लोगों की शिकायत पर एजेंसी अधिकारियों ने पहले बीती होली पर सप्लाई देने का वादा किया था, अब दिवाली आ गई लेकिन सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। गुजरात गैस कंपनी ने पाइप लाइन डालने के बाद कई घरों के आगे गड्ढों को खुला छोड़ िदया। ऐसे में रात के समय यहां से निकलने वाले वाहन चालक कभी भी अनहोनी का शिकार बन सकते हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद ने अपनी राशि जमा कर ली। रोड बने या नहीं, अब इससे परिषद को कोई फर्क नहीं पड़ता। परेशानी तो यहां से निकलने वाले लोग और घरवालों को होती है। ^ कंपनी को जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत करवाने के साथ ही नोटिस जारी करवाएंगे। - मुकेश रावत, सभापति शहर के परिसीमन के पहले गैस कंपनी को वार्ड 20,21,22,23,24 और 25 में 39 किमी सड़क कटिंग के लिए 28 नवंबर 2025 को अनुमति दी गई थी। इसमें कंपनी को कटिंग के बाद सड़कों को यथास्थिति में देने की शर्त रखी गई थी। साथ ही, इसकी एवज में नगर परिषद ने प्रति किलोमीटर 1000 रुपए की राशि के हिसाब से 39 हजार और बैंक गारंटी का 20 प्रतिशत के साथ 65.52 लाख जमा करवाए थे।