दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण बस-ट्रेलर अग्निकांड में 8 लोगों की मौत के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण दौरा किया। गडकरी का काफिला सोहना से रतलाम तक निरीक्षण यात्रा पर रहा। हादसे के घटनास्थल का निरीक्षण किए जाने की पूरी संभावना जताई जा रही थी, लेकिन केंद्रीय मंत्री का काफिला घटनास्थल पर नहीं रुका। करीब दो दर्जन गाड़ियों का काफिला तेज रफ्तार से घटनास्थल पार कर गया। इसके बाद करीब 35 किलोमीटर दूर डूंगरपुर इंटरचेंज पर लालसोट विधायक रामबिलास मीणा ने केंद्रीय मंत्री का 21 किलो की माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बता दें कि दौसा जिले के कोलवा थाना क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्थाओं और तकनीकी पहलुओं की समीक्षा के उद्देश्य से इस निरीक्षण दौरे की घोषणा की गई थी। काफिले में डिप्टी सीएम दीया कुमारी, NHAI के चेयरमैन संतोष कुमार यादव, समेत तकनीकी टीम तथा सड़क परिवहन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। देखिए- केंद्रीय मंत्री के दौरे की तस्वीरें