भीलवाड़ा | भीलवाड़ा के पोरवाल हॉस्पिटल में मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. प्रशांत पारीक ने बाइक हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रतापगढ़ निवासी मरीज का जटिल ऑपरेशन सफल किया। हादसे में मरीज के चेहरे की कई हड्डियां टूट गई थीं और चेहरे पर गहरी चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को भीलवाड़ा रेफर किया गया। अस्पताल में चेहरे और गले में सूजन के कारण सामान्य तरीके से सांस की नली डालना संभव नहीं था। मरीज की स्थिति को देखते हुए डॉ. पारीक ने ट्रेकियोस्टोमी का निर्णय लिया। परिजनों की लिखित सहमति के बाद गले में छोटा छेद कर नली लगाई गई, जिससे सीधे फेफड़ों तक सांस पहुंचाई जा सके। जांच के बाद चेहरे की टूटी हड्डियों को जोड़ने के लिए सर्जरी की गई। हड्डियों को प्लेट्स और स्क्रू से सही स्थिति में फिक्स किया गया। फटे मांस और त्वचा को टांकों से जोड़ा गया। आईसीयू में इलाज डॉ. नियाज खान और डॉ. नीरज त्यागी की देखरेख में चला। डॉ. नरेश पोरवाल के अनुसार, मरीज को स्वस्थ अवस्था में छुट्टी दे दी गई।