बाड़मेर कांग्रेस में गुटबाजी अब चरम पर है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा बाड़मेर दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेशाध्यक्ष से उलझ गए। उन्होंने कहा कि आप आलाकमान हैं। यहां का झगड़ा नहीं मिटा सकते हैं तो यहां आने का क्या मतलब है। डोटासरा ने कहा कि मेरे पास ऐसा कोई इंजेक्शन तो है नहीं कि लगाऊं और झगड़ा खत्म हो जाए। इस दौरान पूर्व विधायक मेवाराम जैन अपने समर्थकों के साथ प्रदेशाध्यक्ष से मिलने पहुंचे थे। तब प्रदेशाध्यक्ष के सामने कांग्रेस में उनकी अनदेखी को लेकर दर्द बताया। जैन ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता ही उन पर आरोप लगा रहे हैं कि कार्यालय की जमीन के पीछे मेवाराम जैन का विवाद है। जबकि जमीन दिलाई। लाखों रुपए भरे हैं। ऐसे लोगों को शांत करो। नहीं तो कांग्रेस को नुकसान होगा। जैन ने उन पर लगे आरोपों का सबूत देने की भी बात कही। भाजपा बुरी तरह से हार रही है, इसलिए पंचायतीराज चुनाव नहीं करवा रही है डोटासरा ने कहा कि केंद्र सरकार नारी शक्ति वंदन बिल के बहाने मनमर्जी तरीके से परिसीमन कर संघीय ढांचे को ध्वस्त करना चाहती है। बीजेपी चाहती है कि 50 साल तक ऐसी व्यवस्था कर दी जाए कि हम ही जीतते रहें। भाजपा बुरी तरह से पंचायतीराज चुनाव हार रही है। इसी वजह से प्रदेश में डेढ़ साल से चुनाव ही नहीं करवा रहे हैं। पंचायती राज और नगर निकाय चुनाव कांग्रेस जीतेगी। 2028 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। 2029 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी सत्ता से बाहर हो जाएंगे। मोदी जी का दोबारा शासन नहीं आएगा। लोकसभा चुनाव से पहले ही मोदी जी झोला उठाकर चले जाएंगे। इस दौरान मदन राठौड़ और मदन दिलावर पर तीखा हमला बोला। उन्हें यू-टर्न मास्टर बताया। राजस्थान के भाजपा प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीच तालमेल नहीं है। सर्किट हाउस में इस दौरान सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, बायतु विधायक हरीश चौधरी, जिलाध्यक्ष लक्ष्मण गोदारा, पूर्व विधायक अमीन खां, पदमाराम मेघवाल, फतेह खां, गफूर अहमद सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे। हम आपस में ही लड़ते रहेंगे क्या, कोई आरोप नहीं लगा रहा है : प्रदेशाध्यक्ष पूर्व विधायक मेवाराम ने डोटासरा से कहा कि कांग्रेस कार्यालय के लिए जमीन मैंने आवंटित करवाई। पट्टा दिलवाया। पैसे मैंने भरे। फिर भी कांग्रेस के ही लोग मेरा नाम लेकर आरोप लगा रहे हैं। इस पर डोटासरा ने टोकते हुए कहा कि क्या हम आपस में ही लड़ते रहेंगे? इस पर जैन ने कहा कि ऐसे लोगों को आप समझाते क्यों नहीं। डोटासरा ने कहा कि ऐसा कोई नहीं कर रहा है। कांग्रेस कार्यालय का काम भाजपा ही रुकवा रही है। कांग्रेस सरकार में हमने प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस, दोनों के लिए जमीन दी थी। जब जगह पर परमिशन मिल गई। लेकिन बाड़मेर में भाजपा ने परमिशन नहीं दी है। हमें कितना भी बड़ा आंदोलन क्यों न करना पड़े। हम कार्यालय बनाकर रहेंगे। भाजपा के लोग 7 कार्यालयों का उद्घाटन कर रहे हैं। इनकी परमिशन भी कांग्रेस सरकार के समय मिली थी। इस दौरान पूर्व विधायक जैन ने कहा कि बाड़मेर शहर के वार्ड परिसीमन को लेकर हम हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट तक गए। लेकिन भाजपा ने मनमानी से परिसीमन किया है। जबकि न तो वार्ड बढ़े हैं और न ही सीमा बढ़ी है। यदि इस पर रोक नहीं लगी तो हम कांग्रेस का बोर्ड नहीं बना पाएंगे।