पाली जिले के फालना में रोड पर साइड देने की बात को लेकर विवाद हो गया। जिसमें उदयपुर निवासी एक व्यक्ति की कार का कुछ लोगों ने पीछा किया। आरोप है कि कार को पीछे से टक्कर मारकर उनके साथ मारपीट की गई और गाड़ी में रखा लैपटॉप, तीन मोबाइल और करीब 75 हजार रुपए लूटकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फालना SHO पन्नालाल ने बताया- उदयपुर निवासी आमप्रकाश जैन ने रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि वे अपने साथी यश अग्रावत के साथ 24 अक्टूबर को उदयपुर से नाकोड़ा जी जा रहे थे। दोपहर करीब 3:45 बजे फालना चौराहे पर पीछे से तेज गति से आई सफेद बलेनो कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इसी के बाद आरोपी अपननी कार लेकर मौके से भागने लगा। उन्होंने कार रुकवाने की कोशिश की तो उसमें सवार लोग नोबल स्कूल के पास रुक गए। लोहे के सरिए से कार में तोड़फोड़ का आरोप परिवादी के अनुसार, बलेनो से तीन लोग नीचे उतरे और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि तीनों नशे में थे और उन्होंने लोहे के सरिए से कार में तोड़-फोड़ कर दी। इसके बाद आरोपी कार में रखा लैपटॉप, तीन मोबाइल और 75 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।