फलोदी में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जोधपुर स्पेशल यूनिट ने सोमवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान खीचन चौकी प्रभारी हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार रिश्वत लेते हुए मौके से फरार हो गया। आरोपी 5 हजार रुपये नकद, शराब की बोतल और ACB का डिजिटल रिकॉर्डर लेकर भाग निकला। ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश के अनुसार, परिवादी कमल किशोर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके साले को NDPS एक्ट के मामले में राहत दिलाने और झूठे केस में नहीं फंसाने के बदले 20 हजार रुपये और शराब की मांग की गई थी। ACB ने बिछाया जाल, आरोपी ने तोड़ा रिकॉर्डर शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। सोमवार रात करीब 11 बजे परिवादी 5 हजार रुपये, शराब की बोतल और डिजिटल रिकॉर्डर लेकर फलोदी थाने पहुंचा। जैसे ही आरोपी हेड कांस्टेबल ने रिश्वत की रकम ली, उसे कार्रवाई की भनक लग गई। घबराकर उसने रिकॉर्डर तोड़ दिया। परिवादी से मारपीट और धमकी, फिर पीछे के रास्ते से फरार आरोपी ने रिकॉर्डर तोड़ने के बाद परिवादी के साथ मारपीट की और उसे धमकाया। इसी दौरान ACB टीम जैसे ही थाने में दाखिल हुई, हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार पीछे के रास्ते से अपनी कार लेकर फरार हो गया। टीम ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। मंगलवार को ACB ने आरोपी के खिलाफ रिश्वतखोरी, मारपीट और सरकारी साक्ष्य नष्ट करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है। 10 अप्रैल की कार्रवाई से जुड़ा है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, यह रिश्वत की मांग 10 अप्रैल को खीचन क्षेत्र में की गई एक कार्रवाई से जुड़ी है। उस दिन पुलिस ने अफीम और डोडा पोस्त के साथ एक आरोपी को पकड़ा था। रिमांड के दौरान हेड कांस्टेबल ने मारपीट नहीं करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।