फलोदी के जयनारायण मोहनलाल पुरोहित राजकीय पीजी कॉलेज और राजकीय कन्या कॉलेज में प्रथम सेमेस्टर के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 1 मई से शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान, जयपुर के निर्देशों के तहत संचालित की जा रही है। प्राचार्य शशांक दवे ने बताया- आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई है। अंतिम वरीयता सूची और प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन 20 मई को किया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन और ई-मित्र पर शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित की गई है। प्रवेशित विद्यार्थियों की पहली सूची 27 मई को जारी होगी। ऑनलाइन होंगे आवेदन आवेदक ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें दसवीं व बारहवीं की अंकतालिका, टी.सी., सी.सी., मूल निवास, जन-आधार, जाति प्रमाणपत्र और ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। विशेष रूप से, ओबीसी प्रमाण पत्र 1 जुलाई 2023 से पहले का मान्य नहीं होगा। राजकीय महाविद्यालय फलोदी में बी.ए. प्रथम सेमेस्टर के लिए 500 सीटें, बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर के लिए 200 सीटें और बी.एस.सी. प्रथम सेमेस्टर के लिए 88 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं, राजकीय कन्या महाविद्यालय फलोदी में बी.ए. प्रथम सेमेस्टर में 200 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। 1 जुलाई से शुरू होगा शिक्षण कार्य राजकीय महाविद्यालय फलोदी में कला संकाय के तहत हिंदी साहित्य, राजनीति विज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र और संस्कृत साहित्य विषय उपलब्ध हैं। राजकीय कन्या महाविद्यालय फलोदी में हिंदी साहित्य, राजनीति विज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी साहित्य, गृह विज्ञान और समाजशास्त्र विषय पढ़ाए जाएंगे। कॉलेज में नियमित शिक्षण कार्य 1 जुलाई से शुरू होगा।