राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार के लिए फलोदी पंचायत समिति से ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने ग्राम विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर दोनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इस दौरान लोक कलाकारों ने पारंपरिक गीतों के साथ रथों का स्वागत कर माहौल उत्साहपूर्ण बना दिया। यह ग्राम रथ अभियान आगामी 15 दिनों तक जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें। 13 विभागों की योजनाओं की दी जाएगी जानकारी ग्राम रथों के माध्यम से 13 विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। रथों में योजनाओं से संबंधित सामग्री, प्रदर्शन और जानकारी उपलब्ध रहेगी, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं की पूरी जानकारी एक ही स्थान पर मिल सके। रथों के साथ कला जत्थों के कलाकार भी मौजूद रहेंगे, जो गीत, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे। इससे अभियान को रोचक और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों के सुझावों के लिए रखी गई सुझाव पेटियां अभियान के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव जानने के लिए रथों में सुझाव पेटियां भी रखी गई हैं। ग्रामीण इनमें अपनी समस्याएं और सुझाव लिखकर डाल सकेंगे, ताकि प्रशासन तक उनकी बात सीधे पहुंच सके। जिला कलक्टर ने दिए अधिकारियों को निर्देश जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और आमजन तक सही जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करें और संवेदनशीलता के साथ समस्याओं का समाधान करें। ग्रामीणों से अभियान का लाभ उठाने की अपील एसीईओ गौतम चौधरी ने बताया कि ग्राम रथ तय रूट चार्ट के अनुसार ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिकतम लाभ लें और अपनी समस्याएं सुझाव पेटिका में दर्ज कराएं, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी, तहसीलदार विशन सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।