फलोदी के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल की छात्रा मानसी राठौड़ ने 12वीं विज्ञान संकाय में 99.40 प्रतिशत अंक हासिल किए है। मानसी राठौड़ ने बताया कि उसने स्कूल के साथ-साथ घर पर नियमित पढ़ाई की और किसी प्रकार की कोचिंग नहीं ली। वह डॉक्टर बनना चाहती हैं और इस साल नीट परीक्षा की तैयारी करेंगी। मानसी ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और आत्मविश्वास को दिया। मानसी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। सुबह से ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। परिजनों ने थाली बजाकर और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। आसपास के लोगों, मित्रों, रिश्तेदारों और शिक्षकों ने मानसी को बधाई दी तथा साफा और माला पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल के प्रिंसिपल मनमोहन पुरोहित ने मानसी को पढ़ाई में होशियार बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।