टोंक| ग्राम पंचायत घांस में प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र परिवारों की पीड़ा एक बार फिर सामने आई है। आर्थिक रूप से कमजोर कई परिवार आज भी कच्चे और जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं। उन्हें उम्मीद है कि सरकार की आवास योजना उनके सिर पर पक्की छत का सपना पूरा करेगी। इसी मुद्दे को लेकर कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की गई है। कमलेश पटेल, देवराज गुर्जर, सीताराम नरूका, कसनी देवी गुर्जर, हंसराज बैरवा, पूरण खटीक आदि को साथ लेकर आए सोनू ने बताया कि 2024-25 की पात्रता सूची में ग्राम पंचायत घांस के 438 परिवारों के नाम शामिल किए गए हैं। कई वास्तविक जरूरतमंद परिवार सूची से बाहर रह गए हैं। ऐसे परिवार बारिश, गर्मी, सर्दी के बीच असुरक्षित, जर्जर मकानों में जीवन बिताने को विवश हैं। ज्ञापन में ग्राम पंचायत मुख्यालय घांस, ऊंटीटाणा, बजरंगा नेता की ढाणी, खलीलपुरा, गुर्जरों की ढाणी, खजुरिया सहित अन्य बस्तियों में रहने वाले पात्र परिवारों का दोबारा सर्वे कर उन्हें योजना में शामिल करने की मांग की गई है।