भास्कर न्यूज | बारां शहर के नारेडा रोड पर बरडिया बालाजी मंदिर क्षेत्र में गत 16 अप्रैल को हादसे में 2 मासूम बच्चों की मौत के मामले में गुरुवार को मृतकों के परिजनों व क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर से मिलकर 7 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में कहा कि बरडिया क्षेत्र की सड़क गड्ढों से भरी है। बरडिया खाळ पर सेफ्टी दीवार नहीं है। प्रशासन की लापरवाही से हादसा हुआ। परिजनों के अनुसार सड़क पर गहरे गड्ढे हैं। रास्ता उबड़-खाबड़ है। बच्चों को लेकर जा रही मां का स्कूटी से संतुलन बिगड़ा। वह नीचे गिर गई। दोनों बच्चे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। दोनों की मौत हो गई। सड़क सही होती, सेफ्टी दीवार होती तो बच्चे बच सकते थे। इलाके में लोग सड़क के गड्ढों को लेकर नाराज हैं। 17 अप्रैल को यादव समाज ने मंडोला मैन रोड पर धरना-प्रदर्शन किया था। प्रशासन को मांग पत्र दिया था। मांग थी कि बरड़िया रोड जल्द बने। खाळ पर सेफ्टी दीवार बने। अगले दिन प्रशासन ने सड़क के गड्ढे भर दिए। परिजनों का कहना है कि 13-14 दिन गुजरने के बाद भी मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। ज्ञापन में मांग की गई कि अटरू रोड एनएच-90 से बरड़िया बस्ती होते हुए एनएच-27 को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का 60 फीट चौड़ाईकरण कर नई सड़क का निर्माण कराया जाए। नई सड़क का नाम मृतक बच्चों की श्रद्धांजलि में रखा जाए। खाळ पर सेफ्टी दीवार बनाई जाए। ट्रैक्टर चालक पर हत्या, अवैध बजरी खनन की धाराओं में मुकदमा दर्ज हो। ट्रैक्टर मालिक और ड्राइवर का लाइसेंस आजीवन निरस्त किया जाए। ट्रैक्टर सीज हो। परिजनों ने बताया कि ट्रैक्टर पर 19 चालान बने हुए हैं। सभी बकाया चालान वसूले जाएं। मांग पत्र में बरड़िया क्षेत्र में खनन से जुड़ी अवैध गतिविधियों, बजरी धुलाई करने वालों पर कार्रवाई की मांग भी रखी गई। खानों से पत्थर लेकर निकलने वाले वाहनों के लिए अलग रास्ता तय किया जाए। मौजूदा रास्ता पूरी तरह बंद किया जाए। जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं का त्वरित विस्तार कर बारां में सर्वसुविधायुक्त चिकित्सा प्रबंध किए जाएं। रात में बरड़िया क्षेत्र की रोड लाइटें बंद रहती हैं। सड़क पर अंधेरा रहता है। रोड लाइटों को व्यवस्थित ढंग से ठीक किया जाए। मांगें पूरी नहीं होने पर मृतक परिवार, क्षेत्रवासी, यादव समाज ने आंदोलन की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में रविंद्र गुणी, योगेश शर्मा, रविंद्र सिंह हाड़ा, ललित यादव, रविंद्र सिंह यादव, बृजसुंदर यादव, मनोज कुमार, हेमंत यादव, सचिन यादव, मनीष यादव, कमल निर्मल समेत अन्य लोग शामिल थे।