भास्कर न्यूज | सादुलपुर अखिल भारतीय किसान सभा सिद्धमुख कमेटी ने मेहसाना-बठिंडा गैस पाइप लाइन परियोजना के चलते क्षेत्र के किसानों को केसीसी सुविधा में हो रही परेशानी को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में मामले को गंभीरता से लेकर कलेक्टर को अवगत करवाने की मांग की गई है। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। ज्ञापन में बताया गया है कि उक्त परियोजना के चलते क्षेत्र के किसानों को केसीसी सुविधा में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जमाबंदी में गैस पाइप लाइन का नोट दर्ज होने के कारण सरकारी बैंक किसानों को पूर्ण रकबे पर केसीसी जारी नहीं कर रहे हैं। बैंक द्वारा पाइप लाइन वाले रकबे को काटकर ही केसीसी दी जा रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि उक्त भूमि का न तो अधिग्रहण किया है और न ही किसानों को पूरा मुआवजा मिला है। इसके बावजूद जमीन आज भी कृषि उपयोग में ली जा रही है, इसलिए नियमानुसार किसानों को पूरे रकबे पर केसीसी मिलनी चाहिए। किसान सभा के कामरेड महेंद्र सिंह भाकर ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर बुधवार को कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, जहां किसानों के प्रतिनिधियों ने उनसे बातचीत कर अपनी समस्याएं रखी। किसानों ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि पाइप लाइन के कारण उनकी जमीन पर किसी भी प्रकार का स्थाई कब्जा नहीं है, फिर भी उन्हें बैंक सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। ज्ञापन देने वालों में मोहन शर्मा, हरि नाई, गौरीशंकर, हनुमान शर्मा, सोमवीर सांगवान, बलवंत, नूर मोहम्मद, बेगराज पुरोहित, किशन कड़वासरा, महेंद्र सहारण आदि शामिल रहे।