ब्यावर| जिला किसान संघ अजमेर-ब्यावर-केकड़ी के नेतृत्व में किसानों ने बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और एडीएम ब्रह्मलाल जाट को ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर की अनुपस्थिति में किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं और जल्द समाधान की मांग की। जिलाध्यक्ष गणपत सिंह मुग्धेश के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने बताया कि लसाडिया निवासी मनोहर सिंह का भूमि अधिग्रहण मुआवजा लंबे समय से लंबित है, जिसे जल्द दिलाया जाए। इसके साथ ही बलाड़ तालाब से सेदरिया होते हुए ब्यावर शहर सीमा तक आने वाली पुरानी सरकारी नहर पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने और सफाई कराने की मांग उठाई गई। किसानों ने ब्यावर-भीम मार्ग पर सुबह 6 बजे से शाम 7 बजे तक रोडवेज की साधारण बसें शुरू करने, खरीफ फसल 2025 के खराबे का मुआवजा दिलाने और कृषि उपज मंडी में उपज का पूरा समर्थन मूल्य सुनिश्चित करने की मांग रखी। ज्ञापन सौंपने वालों में मनोहर सिंह, सीताराम भराड़िया, डूंगर सिंह सुरड़िया, मिश्री काठात, गोपी लाल चोरोटिया और तेज सिंह रावत सहित कई किसान मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। कलेक्ट्रेट में उपस्थित जिला किसान संघ पदाधिकारी।