अलवर | सहकारिता के स्वर्णिम पांच वर्ष पूरे होने पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित विशेष समारोह में जिले से दो बसों के जरिए किसान प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल का समन्वय कृभको के क्षेत्रीय अधिकारी रतनलाल यादव, सुनील यादव ने किया। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्रालय ने पिछले पांच वर्षों में सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों, नवाचारों, किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। केंद्रीय सहकारिता मंत्री ने देशभर में स्थापित किए जा रहे गोदामों के उद्घाटन, सहकारिता को मजबूत बनाने वाली नई पहलों पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शनी में सहकारी मॉडल, आधुनिक कृषि तकनीकों, विभिन्न संस्थाओं की योजनाओं का अवलोकन किया। किसानों ने विशेषज्ञों से संवाद किया। उन्होंने कृषि और ग्रामीण विकास में सहकारिता की संभावनाओं, नई योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।