पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार को उदयपुर के मौसम में बदलाव आया। सुबह से बादल छाए रहने से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 14 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 36 डिग्री था, जो 29 अक्टूबर को घटकर 30 डिग्री रह गया। यानी 16 दिन में दिन का पारा 6 डिग्री गिरा। रात के तापमान में भी 4.6 डिग्री की कमी आई। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री गिरकर 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री बढ़कर 16.4 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ से बादल छाए रहने के साथ आने वाले दिनों में दिन के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। पिछले 16 दिन तापमान में उतार-चढ़ाव, 36 से 30 डिग्री का सफर आगे: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब और आसपास के क्षेत्र में प्रेरित परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके असर से उदयपुर सहित भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ भागों में बादल छाने, मेघगर्जन और बारिश की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 30 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के इन संभागों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। 31 अक्टूबर को भी पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।