राजस्थान के खेल जगत के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब 18 वर्षीय ऋषभ डागा ने वियतनाम के दा नांग में आयोजित प्रतिष्ठित आयरनमैन वियतनाम प्रतियोगिता सफलतापूर्वक पूरी कर राजस्थान के सबसे युवा आयरनमैन बनने का गौरव हासिल किया। ऋषभ ने 18-24 आयु वर्ग में हिस्सा लेते हुए दुनिया की सबसे कठिन एंड्योरेंस प्रतियोगिताओं में से एक को 13 घंटे 46 मिनट 02 सेकंड में पूरा किया। आयरनमैन ट्रायथलॉन में प्रतिभागियों को एक ही दिन में 3.8 किलोमीटर समुद्र में तैराकी, 180 किलोमीटर साइक्लिंग और 42.2 किलोमीटर मैराथन दौड़ पूरी करनी होती है। इसे दुनिया की सबसे कठिन शारीरिक और मानसिक चुनौतियों में गिना जाता है। ऋषभ की खेल यात्रा बचपन से ही प्रेरणादायक रही है। मात्र 12 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने पिता और बड़े भाई के साथ फुल मैराथन पूरी कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान बनाया था। वर्ष 2025 में उन्होंने सफलतापूर्वक आयरनमैन 70.3 गोवा पूरा किया, जिसके बाद उन्होंने फुल आयरनमैन का लक्ष्य तय किया। हालांकि दा नांग में उनका सफर आसान नहीं रहा। साइक्लिंग चरण के दौरान करीब 150 किलोमीटर पूरा करने के बाद वह साइकिल से गिर पड़े, जिससे उनके घुटनों और हाथों में चोट लग गई। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। मैराथन के दौरान दर्द बढ़ने पर उन्हें तीन बार मेडिकल सहायता लेनी पड़ी, लेकिन उन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ दौड़ जारी रखी और फिनिश लाइन पार कर इतिहास रच दिया। ऋषभ ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, कोच और समर्थकों को दिया। उनकी यह उपलब्धि राजस्थान ही नहीं, बल्कि देशभर के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है।