राउमावि, छान में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता शिविर का आयोजन हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेनदेन और वित्तीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वित्तीय साक्षरता केंद्र (एफएलसी) टोंक के बीएल वर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न वित्तीय व बैंकिंग विषयों की विस्तृत जानकारी दी। शिविर में विद्यार्थियों को फटे-पुराने नोटों को निकटतम बैंक शाखा में बदलवाने की प्रक्रिया समझाई गई। अत्यधिक क्षतिग्रस्त नोटों को भारतीय रिजर्व बैंक के जरिए बदलवाने की प्रक्रिया भी बताई गई। असली और नकली नोटों की पहचान के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए। साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए बीएल वर्मा ने ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान बैंक की विभिन्न जमा योजनाओं की जानकारी दी गई। किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन केसीसी, शिक्षा ऋण, गोल्ड लोन, मुद्रा ऋण योजना एवं स्वरोजगार योजनाओं पर भी जानकारी दी गई।