फलोदी के गोविंद चौक में एक सूने मकान से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। छत्तीसगढ़ से लौटे परिजनों को वारदात का सोमवार को यहां पहुंचने पर पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर आए तो ताले टूटे मिले, सामान बिखरा था गोविंद चौक निवासी भोमराज पुत्र दिलीप कुमार चोरड़िया अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ में रहते हैं। सोमवार तड़के जब उनका परिवार घर लौटा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे। परिजनों ने फलोदी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सब इंस्पेक्टर किसनाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दो अलमारियों में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी परिवादी के अनुसार, चोर घर में रखी दो अलमारियों के ताले तोड़कर सोने की नथ, रिंग, 10 गोल्ड नोज पिन सहित चांदी के 15 गिलास, 5 कटोरियां, 5 जोड़ी पायल, एक जोड़ी कंदोला, 40 चांदी के सिक्के, 3 दीपक, 3 प्लेट, 4 चूड़ियां, एक कंगन और अन्य कीमती आभूषण चुरा ले गए। सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरी की ये वारदात 8 जुलाई को तड़के करीब तीन बजे हुई। आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध व्यक्ति वारदात को अंजाम देते हुए नजर आए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। फलोदी थाना क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों के दौरान हुई कई चोरी की वारदातों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।