साइबर थाना टोंक ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर 49 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो कार, चार आईफोन और साइबर ठगी से प्राप्त 14,610 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में बनेठा थाना क्षेत्र के खोहल्या निवासी विकास मीणा (25) व छोटूलाल मीणा (26), सवाईमाधोपुर जिले के मानटाउन क्षेत्र में रहने वाला भीमसिंह मीणा (25) व बूंदी जिले के इन्द्रगढ़ थाना क्षेत्र निवासी खुशीराम मीणा (24) शामिल हैं। साइबर थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया ने बताया कि ये लोग सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच देते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, जीएसटी, प्रोसेसिंग चार्ज और अन्य शुल्क के नाम पर रकम वसूलते थे। इसके अलावा नौकरी दिलाने का झांसा देकर भी लोगों से पैसे ऐंठते थे। ठगी के लिए फर्जी सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मारुति स्विफ्ट, एक महिंद्रा एक्सयूवी-700, चार आईफोन व 14,610 रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले में पूछताछ जारी है और साइबर ठगी के अन्य नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।