केंद्र सरकार के चार नए श्रम कोड लागू करने के विरोध में देशव्यापी आह्वान पर बुधवार को उदयपुर में श्रमिक संगठनों ने ‘काला दिवस’ मनाया। श्रमिक समन्वय समिति के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्री पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। समिति संयोजक पी.एस. खींची के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान इंटक प्रदेशाध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली ने केंद्र की नीतियों को मजदूर विरोधी करार देते हुए इन्हें शोषण का हथियार बताया। सीटू जिलाध्यक्ष राजेश सिंघवी ने कहा कि 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी इन कोड के कारण 300 से कम श्रमिकों वाले कारखानों को बंद करने के लिए सरकारी अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी। इससे कर्मचारियों के न्यायिक अधिकार समाप्त हो जाएंगे। विरोध में एटक के सुभाष श्रीमाली, शंकर लाल चौधरी, मोहन लाल सियाल, विनोद कपूर और नारायण लाल गुर्जर सहित कई प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा हॉस्पिटल रोड पर ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन अध्यक्ष मोहम्मद निजाम और मठ मादड़ी में सीटू के उपाध्यक्ष राव गुमान सिंह के नेतृत्व में ठेला व्यवसायियों और श्रमिकों ने काले झंडे लगाकर विरोध दर्ज कराया। पाकीजा, गुलाब सिंह और मदन राव, लक्ष्मी नारायण सेन, रमेश सिंह आदि मौजूद रहे।