केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर 550 किमी का सफर किया। इस दौरान उन्होंने एक्सप्रेस वे की स्थिति व सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। केंद्रीय मंत्री गडकरी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ लबान से मिनी बस में सवार होकर बान से दरा टनल तक गए और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का करीब 90 किलोमीटर तक मिनी बस में सवार होकर सड़क की गुणवत्ता, गड्ढों, पेचवर्क और खराब अलाइनमेंट का जायजा लिया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर सड़क की गुणवत्ता जांची मिनी बस से 90 मिनट तक सफर के दौरान गडकरी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर गड्डे, पेचवर्क, खराब अलाइनमेंट की स्थिति जांची। साथ ही उन्होंने इन सभी बिंदुओं पर एनएचएआई अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। नितिन गडकरी, ओमबिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दौरान जालिमपुरा में मिनी बस से उतरकर करीब 5 मिनट तक पैदल एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने गडकरी को एक्सप्रेस वे पर दिखाए गड्ढे मुख्यमंत्री ने सड़क पर गड्ढों में भरे पानी की ओर इशारा करते हुए स्थिति बताई। इस पर गडकरी ने कहा कि यह गंभीर समस्या है और इसे प्राथमिकता से ठीक कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी मौजूद रहे। गडकरी ने कहा एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं और निर्माण गुणवत्ता से जुड़ी सभी तकनीकी कमियों को अगले दो साल में ठीक कर दिया जाएगा। इसके बाद इस तरह की शिकायतें नहीं मिलेंगी। ग्रामीणों ने की शिकायत, मंत्री ने 2 साल में खामियां पूरा करने का किया वादा सुल्तानपुर के पास ग्रामीणों ने गडकरी से कहा कि एक्सप्रेसवे क्षेत्र के लिए सपनों की सड़क है, लेकिन निर्माण में हुई लापरवाही के कारण यह कई जगह जानलेवा साबित हो रही है। गडकरी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि हाईवे की सभी तकनीकी खामियों को दूर किया जाएगा। गोपालपुरा इंटरचेंज पर सभा के बाद गडकरी ने मुकंदरा टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बनी दरा टनल का करीब 15 मिनट तक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और केवल अंतिम स्वीकृति मिलना बाकी है। इस पर गडकरी ने 15 अगस्त तक टनल शुरू होने की संभावना जताई।